अंतिम चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद ब्लॉक निधौली कलां और मारहरा में रविवार से नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो गई है। जांच के पहले दिन शाम तक कोई नामांकन रद नहीं हुआ। वहीं दोनों विकास खंडों में प्रधान और सदस्य पद के नामांकनों पर आरओ के समक्ष दर्जनों आपत्तियां दर्ज हुईं। जिनका आरओ व एआरओ की टीम की ओर से निस्तारण किया गया। बता दें कि रविवार और सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद मंगलवार को नाम वापसी और प्रत्याशियों को चिह्न वितरित किए जाएंगे।
आरओ मारहरा जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरी ने बताया कि 59 ग्राम प्रधान पदों के सापेक्ष 603 नामांकन और 751 सदस्य पदों के सापेक्ष 1035 नामांकन हुए हैं।
ब्लॉक में न्याय पंचायत टेबिलों के हिसाब से नामांकन पत्रों की जांच की जा रही है। साथ ही आपत्तियां भी ली जा रही हैं, जिनका साथ के साथ निस्तारण किया जा रहा है। वहीं, निधौली कलां में 71 ग्राम प्रधान पदों के सापेक्ष 793 नामांकन हुए हैं, जबकि सदस्य पदों के नामांकनों की गिनती का ब्यौरा आरओ टेबल पर शाम तक नहीं आ पाया था।