एटा। एक ओर जहां तमाम ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं हैं तो दूसरी ओर जहां हैं, उनकी हालत जर्जर है। इन पंचायत भवन का अभी तक मरम्मत कार्य नहीं किया गया है। इसे लेकर 105 ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बताया कि जिले के सभी आठों ब्लॉक में 105 ग्राम पंचायत सचिव ऐसे हैं जिन्होंने पंचायत भवन का मरम्मत का कार्य अभी तक पूरा नहीं कराया है।
इस संबंध में सभी सचिवों से तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि विकासखंड निधौलीकलां में 14, मारहरा में 12, सकीट में 16, जलेसर में 9, शीतलपुर में 14, जैथरा में 13, अवागढ़ में 15 और अलीगंज में 12 सचिवों को नोटिस दिया गया है।
पंचायत भवनों की होगी जियो टैगिंग
डीपीआरओ ने बताया कि उपनिदेशक पंचायत अलीगढ़ मंडल ने जूम एप के माध्यम से सभी सचिवों को निर्देश दिए थे कि ग्राम पंचायत में पहले से बने पंचायत भवनों का अच्छी तरीके से मरम्मत कार्य 25 जुलाई तक पूरा किया जाए। मरम्मत कार्य में फर्श पर टाइल्स, प्लास्टर, खिड़की, दरवाजे, महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, पानी की व्यवस्था होनी है। इसके बाद 26 से 31 जुलाई तक पंचायत भवनों की जियो टैगिंग की जाएगी।