श्रावण मास के तीसरे सोमवार को शिव मंदिरों में भीड़ उमड़ी। भक्तों ने बेलपत्र, भांग, धतूरा सहित अन्य पूजन सामग्री चढ़ा और जलाभिषेक कर भोले बाबा को मनाया। कांवड़ियों ने कांवड़ चढ़ाकर मनौती मांगी।
भोले बाबा की पूजा अर्चना के लिए शिव मंदिरों में ब्रह्ममुहूर्त से ही भक्तों का उमड़ना शुरू हो गया। मंदिर जाने वाले मार्गों पर भोले बाबा के जयकारे लगाते भक्त वातावरण को धर्ममय बना रहे थे। भक्तों ने औघड़धानी को श्रद्धा के साथ भांग, धतूरा समर्पित किया। रोरी, चंदन से अभिषेक करने के बाद बेलपत्र चढ़ाए और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। भक्तों ने महादेव की आरती उतारकर मनौतियां मांगी। भूतेश्वर, शिवालय, प्रभु पार्क स्थित मनकामेश्वर मंदिर, गली बोहरान और गली मीना बाजार स्थित शिव मंदिर, माता चामुंडा दरबार सहित सभी शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। पूजा अर्चना का क्रम देर शाम तक चलता रहा।