पांच दिन बाद सोमवार को बैंक शाखाएं खुलते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। बैंकों में कैश जमा और निकासी काउंटर पर ग्राहकों की दिनभर लाइन लगी रही। वहीं मार्केट में कैश फ्लो अधिक होने के कारण पुलिस बैक शाखाओं के आसपास चेकिंग करती दिखाई दी।
पांच दिन बाद बैंक खुलने के कारण व्यापारियों ने करोड़ों रुपये कैश जमा कराया तो कई लोग काम अटकने के कारण कैश निकालने पहुंचे। बैंकों के अंदर भीड़ का आलम यह था कि वहां बैठने की जगह तो दूर लाइन में खड़े होने तक की जगह नहीं बची थी। सुरक्षा कर्मी लोगों को लाइन में लगने या बाहर जाकर खड़े होने की सलाह देते दिखाई दिए। कमोवेश यही हालात नगर के बीस से अधिक एटीएम में दिखाई दिए। दोपहर बाद एटीएम मशीनों में कैश फीड होने के बाद ग्राहकों ने राहत की सांस ली। दूसरी ओर पांच दिन बाद बैंक शाखाएं खुलने को लेकर पुलिस सतर्कता बरतती दिखाई दी। पुलिस की टीमें बैंक शाखाओं के अंदर और बाहर संदिग्ध लोगों की दिनभर चेकिंग करती रही।