एटा। जनपद में पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी द्वारा बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। ट्रकों द्वारा जगह-जगह मिट्टी डालने का कार्य किया जा रहा है। यह ट्रक ओवर लोडिंग कर रहे है। इससे 12 गांव के मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता ने पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी पर मार्गों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कंपनी को इन्हें सप्ताह भर में ठीक का अल्टीमेटम भी दिया है।
शहर को जाम के झाम से छुटकारा दिलाने के लिए एनएच-91 बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। यह पिलुआ से मानपुर तक 11 किलोमीटर लंबा होगा। बाईपास का निर्माण पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी कर रही है। निर्माण कार्य में कंपनी के आधा सैकड़ा डंफर व ट्रक लगे हैं। यह वाहन मिट्टी, गिट्टी, सीमेंट, बालू, बदरफुट, लोहे की एंगिल-चादर आदि सामन ढो रहे हैं।
इन वाहनों द्वारा ओवर लोडिंग के कारण बाईपास के आसपास के 12 गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता सतीश कुमार ने कंपनी को पत्र लिखकर सड़कों का निर्माण कराने को कहा है। सख्त चेतावनी दी कि सात दिन में सड़कें दुरुस्त नहीं हुईं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इन गांवों के मार्ग हुए क्षतिग्रस्त
आसपुर बागवाला, बाकलपुर चपरई, सकीट मलावन, सोंसा सोहरा, अमांपुर सहावर, आसपुर सकीट से सहसपुर मार्ग, जीटी मार्ग से मधुपुरा, जीटीमार्ग से महुआ खेड़ा नवादा,एटा अनीगंज मार्ग, नेचलपुर अलीगंज , जीटी रोड से छितौनी, सोंसा सोहरा से नगला पंचम, सोंसा सोहरा नगला दतौली मार्ग।
सख्त कार्रवाई की जाएगी
वाईपास निर्माण में जो ट्रक लगे हैं, वह ओवरलोड होकर आ रहे हैं। इससे मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इन मार्गों को ठीक करने के लिए संबंधित कंपनी को पत्र भेजा है। सात दिन में काम नहीं कराया को कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सतीश कुमार, अधिशासी अभियंता