एटा। पुरानी रंजिश में सोमवार को अलीगंज रोड पर कुसाड़ी गांव के पास दो लोगों ने कार सवार युवक को घेरकर पीट दिया। आरोपियों ने कार में भी तोड़फोड़ की। राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
विज्ञापन
गांव बढ़ापुर निवासी भानुप्रताप ने पुलिस को बताया कि करीब 20 दिन पहले गांव में उसका विवाद हुआ था। इसी बात की रंजिश गांव के राघवेंद्र उर्फ रग्घू और राजेंद्र मानने लगे थे। सोमवार को वह किसी काम से एटा आ रहा था। रास्ते में कोतवाली देहात क्षेत्र के कुसाड़ी गांव के पास हाईवे अंडरपास के नीचे दोनों आरोपियों ने उसकी कार रुकवा ली और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसे कार से खींचकर पीटा और वाहन में तोड़फोड़ कर दी। शोर सुनकर राहगीर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि घटना के बाद पीड़ित की ओर से मिली तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद