एटा। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत बृहस्पतिवार को हो गई। पहले ही दिन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व आमजन समेत 762 लोगों ने ऑनलाइन स्व-गणना पूरी की। यह प्रक्रिया 21 मई तक जारी रहेगी।
जिलाधिकारी प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविंद सिंह ने स्वयं स्व-गणना फॉर्म भरकर लोगों को इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की यह ऑनलाइन व्यवस्था सरल, सुरक्षित व समय की बचत करने वाली है। नागरिक घर बैठे अपने परिवार का विवरण भर सकते हैं और जनगणना अधिकारी के आने पर केवल प्राप्त एसई आईडी दिखाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। नागरिक निर्धारित पोर्टल पर मोबाइल नंबर से ओटीपी सत्यापन के बाद पंजीकरण कर सकते हैं। फॉर्म हिंदी, अंग्रेजी सहित विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध है। स्व-गणना में आवास व परिवार से जुड़े लगभग 33 बिंदुओं की जानकारी देनी होगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी व जिला जनगणना अधिकारी लालता प्रसाद शाक्य, प्रशिक्षक आदेश कुमार मौर्य और जनगणना लिपिक अभिषेक मौजूद रहे।
ऐसे करें स्व-गणना-
सबसे पहले जनगणना के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाएं।
राज्य और जिला चुनें पोर्टल पर अपने राज्य और जिले का चयन करें।
लॉगिन करें परिवार के मुखिया का नाम और 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करके लॉगिन करें।
अपने घर का लोकेशन, गांव/शहर और पिन कोड भरें, और मानचित्र पर सही लोकेशन चुनें।
जानकारी दर्ज करें मकान की स्थिति, घरेलू सुविधाओं और संपत्तियों (मकान सूचीकरण) से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दें।
पूर्वावलोकन और सबमिट सभी विवरणों को जाँचें और फाइनल सबमिट करें।
सबमिट करने के बाद आपको 11 अंकों की एक स्व-गणना आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखें। जब जनगणना प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें यह आईडी दिखाएं।
पहले चरण में मकान की गणना, दूसरे चरण में सत्यापन करेंगे प्रगणक
अलीगंज। एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में जनगणना के कार्य को लेकर प्रगणकों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने बताया सात मई से शुरु हुए पहला चरण 21 मई तक चलेगा, इसमें भवनों की गणना की जाएगी। 22 मई से शुरु होने वाले दूसरे चरण में घर-घर जाकर प्रगणक गणना का सत्यापन करेंगे। बैठक में एसडीएम ने कहा पहले चरण में लोग आम नागरिक पब्लिक एप्लीकेशन के माध्यम से स्वयं अपने मकान का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में संबंधित व्यक्ति की आईडी भी जनरेट होगी और उसका मकान ऑनलाइन सूची में शामिल हो जाएगा। एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि मकान गणना एवं जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं और प्रगणकों के कार्य में सहायता करें, ताकि सरकार के पास क्षेत्र की सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो सके। संवाद