उत्तर प्रदेश के एटा में सोमवार सुबह वृद्ध का शव मिला। सड़क हादसे में मौत होने की बात सामने आई है। हादसा अवागढ़ थाना क्षेत्र में हुआ। शव की पहचान फिरोजाबाद निवासी के रूप में हुई है। इसके अलावा अन्य हादसों में नौ लोग घायल हुए हैं।
अवागढ़ थाना प्रभारी कपिल कुमार नैन ने बताया कि सोमवार सुबह कस्बा के मुख्य मार्ग एटा-आगरा रोड पर किसी व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के क्षेत्र में खबर दी।
कस्बा के ही कुछ लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने चाचा अशोक (60) निवासी गांव सोरखा थाना नारखी जिला फिरोजाबाद के रूप में की। बताया कि वह यहां कैसे पहुंचे, यह पता नहीं चल सका है। किसी वाहन की टक्कर से इनकी मौत हुई है।
थाना पिलुआ क्षेत्र में सुन्ना नहर के पास एक ऑटो व कार की टक्कर हो गई। ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। उसमें बैठे हुए 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घायल राजू निवासी भनूपुरा थाना सहावर जिला कासगंज ने बताया कि वह अपनी सास राजकुमारी और साली अंजना को लेकर दवा दिलाने नगला सेवा जा रहा था।
इसी समय सुन्ना नहर के पास कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। जिसकी वजह से ऑटो पलट गया। इसके अलावा दो बाइकों की टक्कर में ममता व इनके पति किशनपाल और नगला इमलिया थाना पिलुआ निवासी अंकित, कार्तिक और कृष्णा व गंगानगर निवासी सबोध कुमार भी घायल हो गए। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।