एटा। डीएम के निर्देश पर रविवार को अपंजीकृत क्लीनिक व नर्सिंग होम के नोडल अधिकारी डॉ. अभिनव दुबे ने जच्चा बच्चा की मौत के मामले में नर्सिंग होम को सील किया है। वहीं नर्सिंग होम संचालक को सोमवार को एक और नोटिस दिया जाएगा।
अपंजीकृत नर्सिंग होम व क्लीनिक के नोडल अधिकारी डॉ. अभिनव दुबे ने बताया एक सप्ताह पूर्व एएसडीएम अलंकार अग्निहोत्री के साथ नर्सिंग होम पर शिकायत पर पहुंचे। जहां चार मरीज ऑपरेशन के लिए मौजूद मिले, लेकिन चिकित्सक कोई मौजूद नहीं था। संचालक द्वारा बताया गया कि चिकित्सक बाहर गए हैं। इस पर नर्सिंग होम संचालक को नोटिस दिया। चिकित्सक के न आने तक नर्सिंग होम में कोई मरीज भर्ती न किया जाए। उन्होंने बताया शुक्रवार की रात को एक गर्भवती महिला नर्सिंग होम पर पहुंची।
जहां प्रसव के बाद जच्चा- बच्चा की हालत बिगड़ गई। नर्सिंग होम के स्टाफ द्वारा दोनों को रेफर किया गया। जहां रास्ते में दोनों की मौत हो गई। मौत के मामले में डीएम डॉ. विभा चहल ने संज्ञान लिया और नर्सिंग होम को सील करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया नोटिस के बाद नर्सिंग होम संचालक द्वारा कोई जवाब भी नहीं दिया गया। कहा कि नर्सिंग होम संचालक को सोमवार को एक और नोटिस दिया जाएगा।