एटा। जिले के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। मेडिकल कॉलेज में आगामी शैक्षणिक सत्र से नर्सिंग कोर्स की शुरुआत होने जा रही है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज को 60 सीटों की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। नया सत्र जुलाई-अगस्त माह से शुरू किए जाने की तैयारी चल रही है। नर्सिंग कोर्स शुरू होने से जिले के छात्र-छात्राओं को अब पढ़ाई के लिए दूसरे जनपदों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने और स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कॉलेज में यह कोर्स शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मेडिकल कॉलेज में ही नर्सिंग कोर्स में प्रवेश दिया जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज प्रशासन नए सत्र की तैयारियों में जुटा हुआ है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं तथा अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। नर्सिंग कोर्स के संचालन के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिले में नर्सिंग शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में कॅरिअर बनाने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही आर्थिक रूप से भी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें दूसरे शहरों में रहकर पढ़ाई करने पर अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो भविष्य में जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने में भी सहायक सिद्ध होगा।
-