अब आवेदन करने के 24 घंटे के अंदर आपको विद्युत कनेक्शन मिलेगा। इससे जेई की मनमानी और अवैध वसूली पर लगाम लगेगी। निगरानी के लिए निगम अफसर अपना आवेदक भेज कर जेई की जासूसी कराएंगे। यदि कनेक्शन देने में लापरवाही बरती या रिश्वत मांगी तो निलंबन की गाज गिर सकती है।
शासन की ओर से जिले को 100 दिन में 13160 विद्युत कनेक्शन जारी करने का टारगेट दिया गया है। वहीं अब लाइनमैन अपनी मर्जी से शटडाउन लेकर बिजली नहीं संभालेंगे। इसके लिए जेई से अनुमति लेनी होगी। एटा जिले के शहरी खंड में 160 और देहात खंड में 13000 नए विद्युत कनेक्शन दिए जाएंगे। शहरी खंड में टारगेट पूरा हो चुका है, लेकिन देहात खंड में 25 प्रतिशत टारगेट नहीं पहुंचा है।
क्षमता बढ़ने से मिलेगी ट्रिपिंग से निजात
गंगनपुर स्थित 220 एमवीए ट्रांमिशन केंद्र में 40-40 एमवीए क्षमता के तीन ट्रांसफार्मर लगे हैं। एक्सईएन राजीव चतुर्वेदी ने बताया कि तीन में से एक ट्रांसफार्मर की क्षमता 40 से बढ़ाकर 65 एमवीए की जा रही है। क्षमता बढ़ने से शहर के चारों बिजलीघराें को निर्वाध बिजली मिलने के साथ ट्रिपिंग की समस्या से भी निजात मिलेगी। जिला अस्पताल, रेलवे रोड और कोतवाली देहात फीडर पर सिर्फ 80 एमवीए क्षमता से आपूर्ति होने के कारण लोगों को ट्रिपिंग की समस्या हो रही है।