एटा। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन का निर्माण किया जाना है। पंचायती राज विभाग के अधिकारियों द्वारा इस संबंध में बार-बार बैठक करने और निर्माण पर जोर देने के बाद एक साल में भी पंचायत भवन नहीं बने। इस पर 63 सचिवों को नोटिस थमाया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बृहस्पतिवार को बताया कि आठों ब्लॉक में 63 ग्राम पंचायत सचिव ऐसे हैं जिन्हें बार-बार निर्देश देने के बाद भी पंचायत भवन का काम पूरा नहीं कराया।
एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कुछ सचिव भूमि उपलब्ध न होने की बात कह रहे हैं। जबकि ग्राम पंचायत में भूमि उपलब्ध है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि विभिन्न बैठकों के माध्यम से नियमित रूप से पंचायत भवन का निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए थे कि ग्राम निधि प्रथम की धनराशि का व्यय पंचायत भवन के निर्माण के अतिरिक्त किसी अन्य कार्य पर नहीं किया जाए। उच्चाधिकारियों के आदेशों का उल्लंघन किया गया। इस पर 63 ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस भेजा गया है। अगर तीन दिन के अंदर लिखित स्पष्टीकरण नहीं दिया गया तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।