एटा। कोरोना वायरस को लेकर किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को शुरू से ही चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद लोग नहीं मान रहे हैं। जिले में पहला मामला आपत्तिजनक पोस्ट करने का सामने आया। जिलाधिकारी ने इसका संज्ञान लेते हुए ट्रेजरी बाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जिला कोषागार में बड़े बाबू के पद पर तैनात जितेंद्र कुमार पुत्र रमाकांत सिंह निवासी कोहड़ा पवई जिला आजमगढ़ की ओर से फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की गई थी। इसकी शिकायत ईमेल के माध्यम से हसन खां निवासी बजीराबाद नई दिल्ली की ओर से डीएम से की गई। शिकायत का संज्ञान जिलाधिकारी सुखलाल भारती द्वारा लिया गया और पड़ताल कराई गई कि आपत्तिजनक पोस्ट किस व्यक्ति ने की है।
जांच पड़ताल में ट्रेजरी में तैनात बड़े बाबू जितेंद्र सिंह का नाम सामने आया। इसके बाद बनगांव चौकी प्रभारी अनुज चौहान ने डीएम की अनुमति पर कोषागार बाबू को नामजद करते हुए कोतवाली नगर में मंगलवार को मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है।