एटा। थाना सकरौली क्षेत्र के बिचपुरी में एक नवविवाहिता ने शनिवार की शाम को फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
जिला फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर के गांव बझेरा खुर्द निवासी रविंद्र कुमार ने बेटी तमन्ना (19) की शादी 5 नवंबर 2025 को थाना सकरौली क्षेत्र के बिचपुरी निवासी अमन के साथ की थी। रविंद्र ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालीजन उसे अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। पति अमन, देवर छोटू, ननद अंशू, और सास ससुर उससे अतिरिक्त दहेज में एक गाड़ी और भैंस की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर शनिवार की शाम को उसे जहर देकर फंदे पर लटका दिया। रविंद्र ने बताया कि उनकी बहन प्रीति भी उसी गांव में रहती है। तमन्ना की मौत की सूचना उसने शनिवार रात 8 बजे दी। इसके बाद वह परिजन के साथ बिचपुरी गांव पहुंचे। वहां उसकी बेटी और ससुरालीजन नहीं मिले। बताया कि उसे आगरा लेकर गए हैं। बाद में ससुरालीजन शव को गांव के बाहर छोड़कर भाग गए। मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
भैंस देने के बाद भी बेटी की कर दी हत्या
पिता रविंद्र ने बताया कि बेटी के ससुरालीजन ने अतिरिक्त दहेज में एक गाड़ी और भैंस की मांग की थी। दो माह पहले उसे भैंस दे दी। उसके बाद भी बेटी की हत्या कर दी गई। बताया कि उसके बेटे के पास दो गाड़ी थी। जिसमें एक गाड़ी की मांग ससुरालीजन कर रहे थे।
मृतका के पिता रविंद्र सिंह की ओर से तहरीर दी गई है। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। - ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, सीओ जलेसर