एटा। जिले में विकास को गति देने के लिए तेजी के साथ कार्य कराए जा रहे हैं। इसी के तहत जवाहरपुर विद्युत तापीय परियोजना स्थल तक जाने वाली रेल लाइन पर बीच में सिंघपुर पर एक नए स्टेशन का निर्माण किया गया है। जिससे कि कोयला लाने वाली लंबी मालगाड़ी को यहां दो हिस्सों में बांटकर आगे आसानी से भेजा जा सके।
एटा रेलवे स्टेशन से जवाहरपुर तापीय परियोजना स्थल तक लगभग 25 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया गया है। जिससे कि झारखंड से आने वाला कोयला सीधा प्लांट तक पहुंच सके। इस रेल लाइन पर मालगाड़ियों को क्रॉस करने के लिए सिंघपुर लोया पर स्टेशन बनाया गया है। जिससे कि डीएफसी (डिफेंस फ्रेट कॉरिडोर) से कोयला लेकर आने वाली मालगाड़ी को यहां पर ही दो भागों में बांटकर आगे भेजा जा सकेगा। इसके लिए परियोजना स्थल पर आरएंडडी (रिसीव व डिस्पैच) यार्ड में 750 मीटर लंबाई की 6 लाइनें बनाई गई हैं।
स्टेशन का शुभारंभ हवन-पूजन के साथ किया गया। इसका निर्माण करने वाली कंपनी के जीएम आरके चौधरी व जवाहरपुर तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक अजय कटियार ने फीता काटकर यहां के रिले रूम और स्टेशन मास्टर कक्ष की शुरूआत की। बताया कि इस स्टेशन के बनने से यह सीधा सिग्नल प्रणाली के माध्यम से एटा से कनेक्ट हो गया है। यहां बैठने वाले अधिकारी वीडीयू (विजुअल डिस्प्ले यूनिट) के द्वारा देख सकेंगे कि गाड़ी कहां पहुंची। इसके साथ ही एक बटन से ही मालगाड़ी को मेन लाइन से लूप लाइन और फिर उसी लाइन पर लाया जा सकेगा।