शनिवार को पंडित दीनदयाल चौक से गर्मी व लू से बचाव के िए चहरे को ढककर गुजरता स्कूटी सवार युवक स
एटा। जिले में भीषण गर्मी लगातार जारी है। शनिवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा के दौरान जिले में तापमान और उछल सकता है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। शनिवार को दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखी। जो लोग घरों से निकल रहे हैं वे चेहरे को कपड़े से ढककर तेज गर्म हवा से बचने की कोशिश कर रहे हैं। हवा की रफ्तार शनिवार को यह 20 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई इससे उमस और गर्मी के एहसास में इजाफा हुआ। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसके सिंह ने बताया कि 25 मई से दो जून तक जिले को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इस अवधि में तापमान 46 डिग्री से ऊपर जाने की आशंका है। बढ़ती गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। जिले के मेडिकल कॉलेज में डायरिया व बीपी संबंधी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चिकित्सकों ने लू व डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पानी, ओआरएस और तरल पदार्थ अधिक लेने की अपील की है। वहीं मारहरा में भीषण गर्मी की वजह से शनिवार को बाजार और चौराहों पर सन्नाटा रहा।
- गर्मी व लू से बचाव की सलाह
दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलें।
घर से बाहर निकलते समय सिर व चेहरे को ढकें।
पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और नींबू पानी का सेवन करें।
बच्चों और बुजुर्गों को धूप से बचाकर रखें।
लू लगने की शुरुआती स्थिति में तुरंत छायादार जगह जाएं और पानी पीएं।