सकीट में कान्हा के जन्मोत्सव में झूमते कलाकार। संवाद
सकीट/मारहरा। मंदिरों में जन्माष्टमी पर मध्यरात्रि के बाद भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। मध्यरात्रि होते ही कस्बे सहित देहात क्षेत्र के घरों और मंदिरों में घंटे-घड़ियाल गूंज सुनाई देने लगी। कान्हा की पूजा और आरती कर भक्तों ने जयकारे लगाए। इसके अलावा मारहरा में शोभायात्रा निकाली गई।
जन्माष्टमी पर बच्चों-युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह था। सुबह से घरों में पकवान बन रहे थे, जगह-जगह झांकियां सजाई गई, मंदिरों को भव्यता का रूप दिया गया। कस्बे के वार्ष्णेय समाज देवी मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, राम-जानकी मंदिर, थाना परिसर स्थित मंदिर, पीपलटोला स्थित हनुमान मंदिर और शीतला देवी मंदिर में सुबह से मध्यरात्रि तक भजन-कीर्तन होते रहे। मोहल्ला खरा में राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। रासलीला, मटकी फोड़ और कान्हा की बाल लीला का भी मंचन हुआ।
वहीं मारहरा में ब्राह्मणपुरी स्थित शिव चिंताहरण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण, श्रीराम-लक्ष्मण समेत विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरके। लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती उतारकर स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस भी तैनात रही। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कमेटी के प्रशांत गोयल, नवल पालीवाल, योगेश मुद्गल भी मौजूद रहे।
सकीट में कान्हा के जन्मोत्सव में झूमते कलाकार। संवाद
सकीट में कान्हा के जन्मोत्सव में झूमते कलाकार। संवाद