सेमीफाइनल में शामली और फिरोजाबाद की टीम कबड्डी में दांवपेच दिखाती हुई। संवाद
एटा। 49वीं जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप के मैच दूसरे दिन रविवार को भी खेले गए। श्याम बिहारी पब्लिक स्कूल में क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच हुए। फाइनल में मुजफ्फरनगर की टीम शामली की टीम को 30-21 से हराकर विजेता बनी। जिला कबड्डी एसोसिएशन प्रतियोगिता का आयाेजन कर रहा है।
रविवार को पहला क्वार्टर फाइनल मैच बिजनौर और आगरा के मध्य खेला गया जिसमें बिजनौर ने 31-14 के अंतर से जीतकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया। दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच फिरोजाबाद और शामली के मध्य खेला गया जिसमें शामली ने फिरोजाबाद पर 31-20 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच मुजफ्फरनगर और मथुरा की मध्य खेला गया जिसमें मुजफ्फरनगर ने 28-13 से जीत दर्ज सेमीफाइनल में जगह बनाई। चौथा क्वार्टर फाइनल मैच अलीगढ़ और सहारनपुर के मध्य खेला गया जिसमें अलीगढ़ ने सहारनपुर को 42 -31 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहला सेमीफाइनल मैच बिजनौर और शामली के मध्य खेला गया जिसमें पहले हाफ से ही शामली की टीम ने 17-12 की बढ़त ले ली। दूसरे हाफ के अंत तक शामली ने 24-21 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मैच अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर के मध्य खेला गया। पहले हाफ तक मुजफ्फरनगर 18-12 से आगे रही। दोनों टीम में बहुत संघर्ष हुआ। अंत में मुजफ्फरनगर की टीम ने 30-21 से मुकाबला जीतकर फाइनल में स्थान बनाया।
फाइनल मुकाबला शामली और मुजफ्फरनगर के मध्य हुआ। मैच के मध्य काल तक मुजफ्फरनगर की टीम 16-6 से आगे रही। अंत में मुजफ्फरनगर की टीम 30-21 से शामली को हराकर विजेता बनी। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक पदमवीर सिंह रहे। इस अवसर पर एटा जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष बजीर सिंह यादव, सचिव रजनीश यादव, इंद्रेश, दलबीर सिंह, अभय यादव, जयराम सिंह, धर्मेंद्र पाल सिंह, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, राम यादव, दरियाव सिंह, शेर सिंह, सुमंत यादव आदि लोग मौजूद रहे।
सेमीफाइनल में शामली और फिरोजाबाद की टीम कबड्डी में दांवपेच दिखाती हुई। संवाद