निधौलीकलां क्षेत्र में मिले पांच दिन पूर्व मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी सुलझी भी नहीं थी कि सोमवार को मिरहची स्थित सिरसाटिप्पू नहर पुल के पास एक और अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। मृतका के शरीर पर चोट के निशान हैं। महिला से दुष्कर्म की आशंका जताई गई है।
थाना मिरहची स्थित सिरसाटिप्पू नहर के पास सोमवार सुबह लोग शौच को जा रहे थे, तभी उन्हें एक महिला का शव पड़ा दिखा। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह खबर मिलते ही लोगों की भीड़ लग गई और उसकी शिनाख्त की कोशिश की। आसपास के क्षेत्र की महिला न होने पर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष श्रीकृष्ण यादव, प्रधान अखतौली सहदेव सिंह, अमृतपुर के ओमकार सिंह आदि ने थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। चर्चा थी कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर शव यहां फेंक दिया गया है।
थानाध्यक्ष मिरहची ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष है। वह फिरोजी रंग का सलवार सूट और दुपट्टा पहने है। शरीर एवं गले पर चोटों के निशान भी हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी हुई है। बता दें कि पांच दिन पहले थाना निधौलीकलां के गांव कासिमपुर में मिले अज्ञात युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।