एटा। थाना सकीट क्षेत्र के सकीट-औंछा मार्ग स्थित गांव नगला फूले के पास मंगलवार को सड़क किनारे गड्ढे से युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे आक्रोशित परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दिया।
सूचना पर पुलिस और सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत कराया। करीब एक घंटे के बाद जाम खुल सका। इस दौरान जाम लगाने से राहगीर और वाहन चालक परेशान रहे।
थाना सकीट क्षेत्र के गांव मरहेला निवासी रामगोपाल (26) पुत्र नेकराम का शव मंगलवार की सुबह औंछा रोड स्थित गांव नगला फूले के के पास गड्ढे में मिला। मृतक के भाई नीलेश ने बताया कि रामगोपाल सोमवार की देरशाम करीब सात बजे बहन असमी को कस्बा सकीट में पिता के पास छोड़कर गांव लौट रहा था।
इसके बाद गांव नहीं पहुंचा। पिता को फोन करके रामगोपाल के बारे में जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि वह तो समय से निकल गए थे। इसके बाद परिचित और रिश्तेदारियों में फोन करके पता किया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह थाना पहुंचे और भाई के गांव लापता होने की सूचना दी गई।
तब पुलिस ने बताया कि सूचना के दौरान दर्ज नंबर की बाइक सोमवार की रात को सड़क किनारे मिली थी। मंगलवार की सुबह मौके पर वहां जाकर गड्ढे में देखा तो शव बरामद मिला है। पुलिस हादसा मानकर चल रही है, अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
आठ माह पूर्व हो चुकी है भाई की हत्या
मृतक रामगोपाल के भाई दुर्गेश की कस्बा व थाना औंछा में करीब आठ माह पूर्व हत्या हो चुकी है। परिजन ऐसी ही आशंकाएं जता रहे हैं कि किसी ने रामगोपाल की हत्या तो नहीं कर दी है। इस बात का संज्ञान पुलिस को भी दिया गया है। पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।
गश्त के दौरान पुलिस को सोमवार को सड़क किनारे एक बाइक मिली थी। मंगलवार को इसके पास ही एक गड्ढे से युवक का शव बरामद किया गया है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर अब तक नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-देव आनंद, सीओ सकीट