एटा। वीरांगना अबंतीवाई लोधी स्वशासी राज्य महाविद्यालय के नवागत प्राचार्य डॉ. नवनीत सिंह चौहान ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ सीएमएस कार्यालय में बैठक की। एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा जल्द शुरू कराने पर जोर दिया।
प्राचार्य ने बताया कि जिले के लोगों को एमआरआई और सीटी स्कैन के लिए काफी खर्च करना पड़ता है। इसे मेडिकल कॉलेज परिसर में जल्द शुरू कराने पर जोर दिया गया है। यह व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सबसे पहले काम करने के लिए कहा है। चिकित्सकों को समय से ओपीडी में मरीजों को देखने और शासन की ओर से जारी की गई दवाओं की उपलब्धता रखने के निर्देश दिए हैं। एमआरआई और सीटी स्कैन की शासन द्वारा अनुमति पूर्व में ही मिल चुकी है, इनके संचालन की व्यवस्थाएं नहीं हो सकी हैं।
बताया कि मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं सुधारने पर पूरा जोर दिया जाएगा, बिल्डिंग निर्माण चल रहा है, उसको समय से पूरा कराकर मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। प्रवक्ता और चिकित्सकों के साथ बैठक कर तमाम बिंदुओं पर चर्चाएं हुई हैं। कुछ समस्याएं भी निकलकर आई हैं, उनका समाधान कराया जाएगा। बैठक में पूर्व प्राचार्य व प्रवक्ता डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. अशोक कुमार और डॉ. राजेश कुमार अग्रवाल, पीडियाट्रिक प्रभारी डॉ. एबी सिंह, दंत इकाई प्रभारी डॉ. अर्चना यादव आदि मौजूद रहे।