मंडलायुक्त अलीगढ़ चंद्रकांत ने ब्लाक सोरों के वर्ष 2012-13 में चयनित लोहिया समग्र ग्राम गंगागढ़ का निरीक्षण किया। यह परियोजना दो करोड़ 21 लाख सत्तर हजार की लागत की है। वहीं दो करोड़ पचपन लाख की लागत से गंगागढ़ से बरेली-मथुरा मार्ग तक बने मार्ग का निरीक्षण किया। एसडीएम, सीओ को निर्देश दिए कि गांव के सभी घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए पाइप लाइन डलवाएं।
गंजडुंडवारा नगर पालिका परिषद में कार्य में ढिलाई और लापरवाही पाए जाने पर ईओ, राजस्व लिपिक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। एसडीएम पटियाली को नगर पालिका द्वारा कराए निर्माण कार्यों की जांच करने के निर्देश दिए। नगर की हाउस टैक्स, वाटर टैक्स की मांग वसूली, निकाय संपत्ति रजिस्टर, सरकारी दुकानों का किराया, आय व्यय रजिस्टर को देख पूछताछ की। एसडीएम परवेज अहमद को निर्देश दिए कि किन निर्माण कार्यों में कितना पैसा व्यय हुआ है, मौके पर जांच करें।
तहसील पटियाली में सभी अनुभागों में जाकर अभिलेख, रजिस्टर को बारीकी से चेक किया। तहसील दिवस रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, जीपीएफ, सेवा पुस्तिकाओं, स्टाफ की स्थिति, कार्य संचालन की स्थिति, भू अभिलेखों और रिकार्ड रूम के बस्तों में रखे अभिलेखों को चेक किया। निर्देश दिए कि भूमि, राजस्व वादों का निस्तारण प्राथमिकता से करें। इस अवसर पर डीएम के. विजयेंद्र पाण्डियन, सीडीओ, एसडीएम मौजूद रहे।
पात्रों को मिले योजनाओं का लाभ: मण्डलायुक्त
मण्डलायुक्त चंद्रकांत ने कहा कि शासन की अपेक्षाओं के अनुसार योजनाओं का संचालन सही ढंग से करें। पात्रों को योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। कुछ योजनाओं में खराब प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। वहीं कृषि, वाणिज्य कर, स्टांप, परिवहन, आबकारी, उद्यान, सिंचाई आदि अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कलक्ट्रेट सभाकक्ष में विकास व निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कहा स्वच्छ शौचालय, आवास और अन्य योजनाओं का लाभ केवल पात्रों को ही मिले। सभी गांवों में मनरेगा के कार्य तेजी से कराएं। स्कूलों में यूनीफार्म वितरण, हैंडपंपों का पानी व मिड डे मील जरूर चेक किया जाए। बैठक में डीएम के. विजयेंद्र पाण्डियन, एडीएम बीएम मिश्र, सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, एएसपी, डीडीओ, पीडी डीआरडीए, डीपीआरओ, अधिशाषी अभियंता लोनिवि, आरईडी, विद्युत, नलकूप, जलनिगम, डीपीओ, बीएसए, डीआईओएस, डीएसओ, समाजकल्याण अधिकारी मौजूद रहे।