एटा। जिले के राजकीय विद्यालयों में इस वर्ष नामांकन को लेकर उत्साहजनक स्थिति देखने को मिली है। स्कूल चलो अभियान के तहत चलाए गए पहले चरण के नामांकन अभियान में जिले के 25 राजकीय विद्यालयों में पहली बार विद्यार्थियों की संख्या 10 हजार के आंकड़े को पार कर गई है। शिक्षा विभाग के अनुसार कुल 10,410 विद्यार्थियों के नामांकन हुए है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर उपलब्धि मानी जा रही है।
जिला समन्वयक गिरिजा शंकर राजपूत ने बताया कि जिले के समस्त 25 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9 में सर्वाधिक 6,246 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जबकि कक्षा 11 में 4,164 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, बेहतर सुविधाएं, छात्र-हितकारी योजनाएं तथा जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि स्कूल चलो अभियान के तहत नामांकन प्रक्रिया का दूसरा चरण जुलाई में शुरू किया जाएगा। जिले में पहली बार 10 हजार से अधिक नामांकन होना माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।