गणेश इंटर कालेज के परिसर में आयोजित भाजपा के महिला सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं आगरा की पूर्व मेयर अंजुला माहौर ने कहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्जिकल स्ट्राइक से देश तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जितनी सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे देश उतनी ही तरक्की करेगा। उन्होंने पहली सर्जिकल स्ट्राइक स्वच्छता अभियान को बताया। दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक आतंकी शिविर को नष्ट करना तथा तीसरी सर्जिकल स्ट्राइक नोटबंदी को बताया।
सम्मेलन की मुख्य वक्ता आगरा की पूर्व महानगर उपाध्यक्ष डा. मंजू गुप्ता ने कहा कि सरकार ने देश के हित में और महिलाओं के हित में कई फैसले लिए हैं। समाज में महिलाओं का सम्मान ऊंचा रहे इसके लिए महिला शक्तिकरण को प्रधानमंत्री मोदी ने वरीयता दी है। महिला शक्ति समाज में सम्मान और बराबरी चाहती है। आज भाजपा की सरकार ने उसे यह अवसर दिलाया है। वरिष्ठ भाजपा नेता कुमकुम वार्ष्णेय ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं के हित में ठोस कार्य किए हैं। जबकि अन्य दल महिलाओं की योजनाओं का दिखावा करते हैं। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार में सबसे अधिक महिलाओं से जुड़े अपराध हुए हैं। समाजवादी पार्टी महिलाओं के अपराध रोकने में नाकाम रही है। सिढ़पुरा की नगर पंचायत अध्यक्ष कामिनी गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का हित भाजपा में ही सुरक्षित है। भाजपा के जिलाध्यक्ष पूर्णेंद्र सोलंकी ने भी भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री के निर्णयों की सरहना की। कार्यक्रम की संयोजक डा. मिथलेश राजपूत एवं सह संयोजक मनीषा गुप्ता ने महिलाओं का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान महिला नेताओं का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। सम्मेलन में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की संचालिका बहिन सरोज, प्रवेश राना, शारदा सिंह, प्रीती माहेश्वरी, नीतू गुप्ता, कामिनी शर्मा, सीमा शाक्य, ममता पुंढीर, गीता यदुवंशी, ममता चौहान, डॉली, ब्रजरानी महेरे, मायादेवी, रीना वर्मा, विजय लक्ष्मी, नीलम राना मौजूद रहीं।
सिढ़पुरा और पटियाली की भीड़ रही अव्वल
कासगंज(ब्यूरो)। महिला सम्मेलन में विधान सभा क्षेत्रों से टिकट के दावेदारों की पोल भी खुलेगी। किसका कितना सहयोग रहा इसके लिए वीडियोग्राफी कराई गई है। सिढ़पुरा, पटियाली की भीड़ महिला सम्मेलन में सर्वाधिक रही। इन महिलाओं ने जुलूस के रुप में कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश किया। अमांपुर की भीड़ भी अच्छी बताई गईं। अन्य क्षेत्रों से भी भीड़ औसत में रही।