एटा। किसी भी मरीज की मौत ऑक्सीजन के अभाव से न हो। इसके लिए सरकार द्वारा ऑक्सीजन प्लांट लगवाए गए हैं। शुक्रवार को अलीगढ़ से आए जेडी स्वास्थ्य ने बागवाला सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट को देखा। वहीं मरीजों से बात कर मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। चुरथरा सीएचसी पर भी मॉकड्रिल किया गया।
शुक्रवार को बागवाला सीएचसी पर अलीगढ़ से आए जेडी स्वास्थ्य डॉ. वीके सिंह, सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने ऑक्सीजन प्लांट का मॉकड्रिल किया। प्लांट की ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता से लेकर वार्ड में जा रही आपूर्ति आदि की पड़ताल की। वहीं जेडी द्वारा हर एक बिंदु को नोट भी किया गया। मॉकड्रिल के दौरान छोटी से लेकर बड़ी हर एक चीज पर नजर रखी गई। जेडी ने प्लांट की देखरेख में लगे स्वास्थ्य कर्मी से भी सवाल जवाब किए।
इस दौरान सीएचसी पर भर्ती मरीजों से मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। एसीएमओ डॉ. राममोहन तिवारी, डिप्टी सीएमओ डॉ. सतीश चंद्र नागर, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक लोकमन सिंह मौजूद रहे। वहीं चुरथरा सीएचसी पर मॉकड्रिल एसीएमओ डॉ. सुधीर मोहन की देखरेख में हुआ। यहां एसीएमओ द्वारा कई बिंदुओं पर जानकारी ली गई। सीएमओ ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट का मॉकड्रिल था। बागवाला सहित चुरथरा में इसे कराया गया।