एटा के जैथरा थाना क्षेत्र में आरएस ईंट भट्ठा उद्योग के सामने सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां कैंटर ने बाइक से जा रहे दंपती और दो वर्षीय बेटी को रौंद दिया। हादसे में मासूम बेटी और मां की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
ये हादसा सुबह 8:30 बजे हुआ। बाइक सवार नीरज अपनी पत्नी सुनीता और दो वर्षीय बेटी नित्या के साथ कहीं जा रहा था। बताया गया है कि आरएस ईंट भट्ठा उद्योग के सामने कैंटर ने उसकी बाइक को रौंद दिया। हादसे में बेटी नित्या और पत्नी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नीरज इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मां-बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन रास्ते में ही गांव वालों ने शव ले जा रही गाड़ी को रोक लिया और हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।