भाकियू ने दी आंदोलन की चेतावनी
- फोटो : अमर उजाला
भाकियू राष्ट्रवादी ने किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में कई बार आंदोलन और ज्ञापनों के माध्यम से प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस के तस है।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी विद्युत निगम किसानों पर झूठी एफआईआर कर रहा है। इससे किसानों का शोषण हो रहा है। जलेसर के विद्युत उपकेंद्र पर पूर्व में किसानों ने आंदोलन और प्रदर्शन किए, लेकिन इसके बाद भी निगम के अधिकारी बेफ्रिक हैं। जलेसर क्षेत्र में सोड़ा फैक्ट्रियों की अधिकता के कारण पर्यावरण प्रदूषण एवं जलीय प्रदूषण बढ़ रहा है। फैक्ट्रियों के मालिक बोरिंग कराकर तेजाब को जमीन के अंदर भेज रहे हैं। इससे भू-गर्भीय जल प्रदूषित हो रहा है। जिले के नहर और रजबाह सूखे पड़े हैं, इससे किसानों के सामने सिंचाई का संकट गहरा रहा है। रामप्रकाश, दिनेश चंद्र, रमेश चंद्र, आरपी सिंह, रामपाल, राजाराम, सोनपाल, रईस आदि लोग मौजूद रहे।