कासगंज में आर्थिक गणना के लिए सुपरवाइजरों व प्रगणकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जिलाधिकारी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद में सातवीं आर्थिक गणना का शुभारंभ कलक्ट्रेट प्रांगण में हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों से कहा कि आर्थिक गणना का कार्य पूरी जिम्मेदारी, मेहनत और गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करें। डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में सातवीं आर्थिक गणना में लगे समस्त पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को निर्देश दिए कि आर्थिक गणना का कार्य क्षेत्र में जाकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय पर मेहनत से पूरा करें। कोई भी घर, परिवार, उद्यम गणना से छूटना नहीं चाहिए। पूरी जिम्मेदारी के साथ सही आंकड़े एकत्रित करें। आर्थिक गणना के लिए 350 सुपरवाइजर बनाए गए है।
उन्होंने कहा कि गणना से प्रदेश के समस्त उद्यमों, लोक प्रशासन, रक्षा और अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा सेवाओं की गतिविधियों को छोड़कर, की स्थिति, प्रकृति, रोजगार आदि से संबंधित आंकड़े संग्रहीत किए जाने हैं। इनका उपयोग देश, प्रदेश के सर्वांगीण विकास हेतु संतुलित नीति निर्धारण एवं नियोजन में किया जाता है। आर्थिक जनगणना का कार्य प्रत्येक सात वर्ष के अंतराल पर कराया जाता है। इस अवसर पर सीडीओ तेज प्रताप मिश्र, एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी तथा समस्त प्रगणक व पर्यवेक्षक मौजूद रहे।