एटा। कोतवाली देहात के गांव नगला कंचन में शनिवार की रात को एमबीए के छात्र ने तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। जान देने से पहले अपने भाई को मोबाइल पर मैसेज भेजा कि भाई परिवार का ख्याल रखना। खुदकुशी के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक के मोबाइल का डाटा खंगाला जा रहा है, जिससे पता लग सके कि खुदकुशी का कारण क्या है।
नगला कंचन निवासी रोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके दो बेटों में छोटा दीपक (23) मैनपुरी के एक कॉलेज से एमबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। शहर में एक बाइक एजेंसी पर नौकरी भी करता था। रोहन सिंह के गांव में ही 100 मीटर की दूरी पर दो मकान हैं। दीपक कई दिन से मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था। उससे कई बार पूछा भी तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। शनिवार की रात वह घर से दूसरे मकान में चला गया और वहीं तमंचे से अपनी कनपटी में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक जब दीपक घर नहीं लौटा तो परिजन ढूंढ़ते हुए दूसरे मकान में पहुंचे और दरवाजा खोलकर देखा तो वह आंगन में खून से लथपथ पड़ा हुआ था। सूचना पर सीओ सिटी कीर्तिका सिंह, कोतवाली देहात पुलिस और फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंचा। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि मृतक के मोबाइल की जांच की जा रही है। मामला ब्लैकमेलिंग का है या प्रेम प्रसंग का, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
भाई परिवार का ख्याल रखना, यह कहकर दे दी जानरोहन सिंह ने बताया कि खुदकुशी करने से पहले ही दीपक ने अपने बड़े भाई के मोबाइल पर मैसेज किया। उसमें लिखा कि भाई परिवार का ख्याल रखना और मेरा दूसरा मोबाइल एक युवक के पास है, उनसे ले लेना।