एटा। रात को आई तेज आंधी और बारिश के बाद सुबह के वक्त एक मकान का छज्जा गिर गया। इससे छज्जे के मलबे में राजमिस्त्री दब गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शनिवार की सुबह करीब 11 बजे देवीराम (50) निवासी उकर्री जिला कासंगज को परिजन लेकर आए। यहां भाई जय सिंह ने बताया कि वह सुबह करीब 7 बजे अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठे हुए थे। तभी अचानक से उनके घर का छज्जा भरभराकर गिर गया। इससे वह मलबे में दब गए। छज्जा गिरने की सूचना पर आस-पास के लोग एकत्रित हो गए। उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया। उन्हें गंभीर हालत में निजी क्लीनिक पर लेकर गए। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भेज दिया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। भाई ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करते थे।