एटा। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गला घोंट कर हत्या करने का आरोप मायके पक्ष की ओर से लगाया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह ससुरालीजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फर्रुखाबाद जनपद के मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव रामपुर दगीर निवासी शिवसिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने 24 वर्षीय बेटी पूनम की शादी नवंबर 2020 में अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव जहांगीरपुर निवासी बंटू के साथ की थी। शादी में उन्होंने 10 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इतने रुपयों से बेटी के ससुरालीजन खुश नहीं थे।
उन्होंने एक कार की मांग कर दी। कार की मांग पूरी न होने पर पूनम को मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने लगे। कहा कि 19 अप्रैल को ससुरालीजन ने मांग पूरी न होने पर पूनम की हत्या कर दी। उसके शव को कुंडे पर लटका दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने जहांगीरपुर निवासी विवाहिता के पति रामसिंह उर्फ बंटू, ससुर अजब सिंह, जेठ रनसिंह, सास माया देवी, जेठानी मिथलेश व चचिया ससुर की पुत्र वधू टीना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली अलीगंज प्रभारी सीपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।