एटा। थाना रिजोर क्षेत्र के सहवाजपुर में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं परिजन दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
सहवाजपुर निवासी मानपाल सिंह की शादी थाना मलावन क्षेत्र के मधूपुरा की गीता (28) से 30 नवंबर को हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी होने बाद से ही ससुरालीजन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मृतिका के भाई महीपाल का आरोप है कि दहेज में सोने की चैन और घर मांग रहे थे। आरोप लगाया कि गीता को खेत से काम करके लौटने के बाद उसे खाने-पीने को कुछ नहीं दिया गया। बाद में तबीयत खराब होने की सूचना मिली और जब घर से लोग पहुंचे तो गीता मृत अवस्था में मिली।
मांग पूरी नहीं करने पर उसे फंदा पर लटका दिया और ससुरालीजन फरार हो गए। सोमवार की रात मायके पक्ष के लोग मृतिका के ससुराल पहुंचे तो उसका शव चारपाई पर संदिग्ध परिस्थिति में मिला। मायके पक्ष के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद