एटा। धनतेरस के पर्व पर शनिवार को सुबह से रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ी। इसके चलते बाजारों में लक्ष्मी जी की कृपा बरसी। सोने-चांदी के आभूषण, वाहन, विद्युत उपकरण आदि सामान की जमकर खरीदारी हुई। इस दौरान भीड़ के चलते बाजारों में जाम की स्थिति बनी रही। बाजारों में करीब 250 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई।
धनतेरस पर जीटी रोड स्थित बाइक और कार शोरूम पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की जमकर खरीदारी हुई। वहीं घंटाघर, बाबूगंज, हाथी गेट बाजारों में सराफा की दुकानों पर आभूषण भी खूब बिके। इनके अलावा विद्युत उपकरण, बर्तन, झाडू, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, मिट्टी के दीपक, मोमबत्तियों की भी जमकर बिक्री हुई।
बाबूगंज, घटाघर, गांधी मार्केट, मेनगंज, बर्तन बाजार, सराफा बाजार, हाथी गेट, मेहता पार्क सहित अन्य बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ देर रात तक रही।