अलीगंज। नयागांव थाना क्षेत्र के गांव मेरापुर में एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कार्रवाई करते हुए ग्राम सभा की जमीन को ग्राम प्रधान के कब्जे से मुक्त कराई है। इससे पहले कई बार ग्राम प्रधान से मौखिक कहा गया और बाद में नोटिस दिए गए। नोटिस के बाद भी कब्जा न हटाने पर शुक्रवार को एसडीएम ने बुलडोजर चलवाकर प्रधान के कब्जे से ग्राम सभा की जमीन को मुक्त कराया है।
नयागांव थाना क्षेत्र के गांव मेरापुर के ग्राम प्रधान विकास ने ग्राम सभा की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। शिकायत पर एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने इसकी जांच कराई। जांच में कब्जा की पुष्टि होने पर ग्राम प्रधान से संपर्क कर ग्राम सभा की जमीन से कब्जा हटाने को कहा गया। प्रशासन के आदेश को गंभीरता से न लिए जाने पर नोटिस की कार्रवाई की गई।
नोटिस को भी गंभीरता से न लेने पर शुक्रवार को राजस्व टीम और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम और नायब तहसीलदार हिमांशु पांडेय ने पहले राजस्व टीम से एक बार पुन: ग्राम सभा जमीन की नाप तौल कराई और उसके बाद बुलडोजर से कब्जा हटवाया। बड़ी संख्या में राजस्व टीम और पुलिस फोर्स को देख गांव में खलबली मच गई, कार्रवाई देखने को मकानों की छत और आस पास लोगों की भीड़ लग गई। एसडीएम ने कहा सरकारी भूमि पर काबिज लोग स्वयं कब्जा हटा लें, अन्यथा उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद