एट। ससुराल में आए युवक की संदिग्ध हालात में शुक्रवार की रात मौत हो गई। परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने सूचना के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा लिखने का परिजनों को आश्वासन दिया गया।
जिला कासगंज के मोती नगर थाना गंजडुंडवारा निवासी राजू (32) पुत्र महेंद्र सिंह 15 दिन पहले थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव मोहनपुर स्थित अपनी ससुराल में आया था। मृतक के भाई अनिल कुमार और बहनोई तालेवर ने बताया है कि राजू की पत्नी को कोई बच्चा नहीं होने के चलते वह ज्यादातर मायके में ही रहती थी। आरोप है कि मामले को लेकर राजू की हत्या की गई है।
ससुरालियों ने उसका शव दरवाजे पर लगी हुक में क्लच वायर से लटका होना बताया, जबकि इससे पहले आए फोन में सर्प के काटने से मौत होने की बात बताई गई थी। अनिल का आरोप है कि भाई राजू के साले नेमसिंह व मुन्ना लाल ने करीब तीन लाख रुपये के भाई के जेवरात अपने पास ही रख लिए थे।
इनको मांगने पर पूर्व में भी ससुरालियों ने भाई की पिटाई की थी। इसको लेकर ही उसकी हत्या की गई है। प्रभारी निरीक्षक केके बालियान ने बताया है कि युवक की मौत हुई है। परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।