मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों को देखते चिकित्सक। संवाद
एटा। बदलते मौसम के बीच बुखार का प्रकोप बढ़ने लगा है। मलेरिया और टायफाइड के मरीज सामने आ रहे हैं। वहीं वायरल बुखार भी लोगों को परेशान कर रहा है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में शुक्रवार को 1200 मरीजों के पर्चे बने। इनमें 400 मरीजों ने मेडिसिन विभाग में उपचार लिया।
गांव नगला सैया थाना पिलुआ निवासी 12 वर्षीय नवीन कुमार को तीन दिन से बुखार आ रहा था। परिजन बृहस्पतिवार को उसे मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में लेकर पहुंचे। यहां जांच कराने पर मलेरिया की पुष्टि हुई। इसके बाद बालक का उपचार शुरू कर दिया गया है। बुखार से पीड़ित अन्य मरीज भी लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एस. चंद्रा ने बताया कि मौसम में बदलाव, दूषित पानी और खानपान में लापरवाही के कारण इस समय संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। मलेरिया मच्छरों के काटने से फैलता है। जबकि टायफाइड दूषित पानी और संक्रमित भोजन के सेवन से होता है। वायरल बुखार संक्रमित व्यक्ति के संपर्क और खांसने-छींकने से फैल सकता है। मलेरिया से बचाव के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने दें।
सीएमएस डॉ. एस चंद्रा के मुताबिक शुक्रवार को ओपीडी में करीब 1400 मरीज पहुंचे। मेडिसिन विभाग में करीब 400 मरीज रहे। वायरल बुखार से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर सतर्कता बरतें। खांसी-जुकाम होने पर मास्क का प्रयोग करें और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें। पर्याप्त पानी पीएं और पौष्टिक भोजन लें। लगातार बुखार रहने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श कर जांच कराएं।