कासगंज। माहेश्वरी समाज के वंशोत्पति दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। श्रीडीडू माहेश्वरी समाज ने सोमवार से एक सप्ताह तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पौध रोपण करने एवं प्रतिभाओं को निखारे के लिए प्रतियोगिताओं को आयोजित करने की रूपरेखा बनाई है।
समाज के अध्यक्ष अरविंद माहेश्वरी ने बताया कि 6 जून को महेश नवमी महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इस दिन गली शिवालय स्थित शिवालय मंदिर में सुबह 7 बजे से हवन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से श्री गौरी शंकर सारडा जूनियर हाईस्कूल में हवन का आयोजन होगा। शाम 4 बजे से माहेश्वरी महिला समिति द्वारा गंगा देवी माहेश्वरी भवन में एक मिनट शो, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, फूड विदाउट फायर प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
7 जून को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इसी दिन सुबह 7 बजे से चांडी सहावर रोड पर पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन होगा। 8 जून को शाम 4 बजे से गंगा देवी माहेश्वरी भवन में एक शाम शिव महिमा के नाम तथा महेश भोज कार्यक्रम का आयोजन होगा। 9 जून को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वृद्धजन व मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। 11 जून को सुबह 11 बजे से वार्षिक सामान्य बैठक का आयोजन किया जाएगा।