फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाशिवरात्रि: शिवालयों में गूंज रहे बम भोले के जयकारे

विज्ञापन
एटा। शहर का प्रसिद्ध कैलाश मंदिर। - फोटो : ETAH
विज्ञापन
एटा। महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को कैलाश मंदिर में कांवड़ियों का सैलाब उमड़ेगा। वहीं जिले भर के प्रख्यात मंदिरों में शिव का जलाभिषेक कर मनौती मांगी जाएगी। घरों में पूजा के बाद लोग शिवालयों में पूजा-अर्चना करेंगे। शिवालयों में दिनभर बम भोले की गूंज सुनाई देगी। सीओ सिटी राजकुमार ने बताया जीटी रोड पर माया पैलेस से कैलाश मंदिर तक कांवड़िया जोन बनाया गया है।
विज्ञापन

इधर, जिलाधिकारी सुखलाल भारती और एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को कैलाश मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। डीएम ने कहा कि मंदिर आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। मंदिर परिसर में समुचित साफ-सफाई के निर्देश नगर पालिका के ईओ डॉ. दीप वार्ष्णेय को दिए गए हैं। एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर चेकिंग करते रहें।
कांवर सजाने के लिए खरीदारी : शहर के बड़ा बाजार, घंटाघर, सब्जी मंडी आदि बाजार में लोग दिनभर कांवड़ सजाने के लिए घंटियां, रुमाल, माला, खेल-खिलौने आदि खरीदते नजर आए। बाजार में उमड़ी भीड़ के चलते जाम के हालात बने रहे।135 किलो का घंटा चढ़ाएंगे-भक्तजन कैलाश मंदिर में 135 किलो का घंटा चढ़ाएंगे। इससे पूर्व शहीद पार्क से शहर में घंटा की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शहर भर में घूमते हुए मंदिर तक पहुंचेगी।
विज्ञापन

मंदिर में इधर से होगा प्रवेश
कैलाश मंदिर में उत्तर में बने गेट से सीढ़ियों के माध्यम से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद भक्तगणों को दूसरे गेट से बाहर निकाला जाएगा।
शाम 4 बजे होंगे शृंगार दर्शन
तड़के 3 बजे मंदिर के कपाट खुलेंगे
सुबह 4 बजे आरती और जलाभिषेक होगा
दोपहर 1 बजे मंदिर के कपाट बंद होंगे
दोपहर 1 से 3 बजे तक मंदिर की सफाई होगी
शाम 4 बजे शृंगार दर्शन होंगे
शाम 6:30 बजे आरती होगी
रात 9 बजे बैंड-बाजों के साथ महाआरती होगी
शिकोहाबाद रोड पर जलभराव
शिकोहाबाद रोड पर कांवड़ियों को जलभराव के बीच से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत डीएम से की तो उन्होंने नगर पालिका को पंप लगाकर पानी निकालने के आदेश दिए पर यह आदेश हवा-हवाई साबित हुए।
जलेसर में निकाली जाएगी शोभायात्रा
जलेसर। महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में जलाभिषेक के साथ महावीर गंज स्थित दुर्गा मंदिर से गोपश्वर मंदिर पुराना पेट्रोल पंप तक सुबह दस बजे भगवान शिव की शोभायात्रा निकली जाएगी। महाशिवरात्रि पर इच्छेश्वर महादेव मंदिर पटना पक्षी विहार, चिन्ताहरण मंदिर नाला बाजार पर सोरों से कांवड़ में गंगाजल लाकर भक्त महादेव का जलाभिषेक करेंगे। गनेशपुर एवं पटना पर मेले के आयोजन के साथ नगर स्थित बड़केश्वर महादेव हथोड़ा गोवेश्वर महादेव पुराना पेट्रोल पंप, संकट हरन मंदिर भैरों बगीची सहित अन्य मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी।
भस्मासुर मंदिर पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब
सकीट। प्राचीन भस्मासुर मंदिर पर महाशिवरात्रि पर आस्था का सैलाब उमड़ेगा। अंकित गुप्ता बताते हैं कि यह मंदिर लगभग तीन सौ साल पुराना है। दूर दराज से लोग यहां मनौती मांगने आते हैं। उमेश वार्ष्णेय बताते हैं कि औछा मैं बाबा च्यवन ऋषि के मंदिर पर चढ़ने वाली कांवड़ को भगवान भोलेनाथ ने एक बार रोक दिया था। ये शिव मंदिर औछा मैनपुरी मार्ग पर है।
धूल मिट्टी एवं कच्चे चकरोड से पहुंचेंगे भोले के द्वार
राजा का रामपुर। कस्बा स्थित शंकरजी के मंदिर तक पहुंचने में भक्तों को कच्चे चकरोड और धूल मिट्टी भरे रास्ते से होकर मंदिर तक जाना पड़ेगा। मंदिर का निर्माण नगर पंचायत अध्यक्ष महावीर सिंह राठौर ने करवाया था। कस्बे से मंदिर की दूरी लगभग एक किलोमीटर है। साथ ही ग्राम कनेसर, नगला मोहन, नगला गनू आदि की दूरी भी यहां से लगभग तीन किलोमीटर है। मंदिर तक जाने का रास्ता ऊंचा-नीचा और गड्ढों से भरा होने के कारण शिवभक्तों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
कावड़ियों के लिए सहायता केंद्र खुले
निधौलीकलां। कस्बे से लेकर निधौली कट तक कावड़ियों की सहायता के लिए फलाहार, दवाइयां, जलपान, विश्राम के लिए शिविर लगाए गए हैं। पूर्व वाइस चेयरमैन विपिन गुप्ता ने हरी स्थल के सामने कांवड़ियों की सेवा के लिए सेवा कैंप लगाया। चेयरमैन देवलाल लोधी ने कांवड़िया सेवा कैंप में श्रमदान और कावड़ियों की सेवा की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने सहयोग प्रदान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें