एटा। मारहरा क्षेत्र में पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती करने, दुष्कर्म और गर्भपात कराने के बाद धर्म परिवर्तन कर निकाह का दबाव बनाने का प्रयास किया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी स्वेतन और जाकिर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 से स्वेतन उसका पीछा कर परेशान कर रहा है। रास्ते में बाइक आगे लगाकर बातचीत का दबाव बनाता और रुपये देने का लालच देता था। आरोप है कि एक बार उसके बैग में पांच हजार रुपये भी रख दिए। उसने अपनी पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताया। विरोध करने पर जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। घटना से परेशान युवती ने कॉलेज जाना छोड़ दिया और आगे की पढ़ाई घर से पूरी की। पीड़िता के अनुसार बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षा देकर लौटते समय दो लोगों ने पीछे से उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होश में आने पर उसे मोबाइल, दो हजार रुपये और एक चिट्ठी मिली।
आरोप है कि चिट्ठी में शादी की बात लिखी थी और बातचीत न करने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2026 में आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया और फरवरी में शादी कर ली।
करीब तीन माह का गर्भ ठहरने पर आरोपी उसे अपने साथी के साथ दिल्ली ले गया। वहां पार्क में अनार के जूस में मिलाकर कुछ खिला दिया जिससे उसका गर्भपात हो गया। बाद में युवती को आरोपी के मुस्लिम होने की जानकारी हुई। उसके घर पहुंचने पर आरोपी के भाई ने मुस्लिम धर्म अपनाकर निकाह करने का दबाव बनाया।