एटा। यातायात नियमों के पालन में लापरवाही के चलते तमाम लोगों की जान चली जाती है। यातायात माह के शुरुआती एक सप्ताह में ही चालानों से 11.74 लाख रुपये लोग गंवा चुके हैं। इसके बावजूद लोग नियमों का उल्लंघन करते हुए नजर आ रहे हैं।
1 नवंबर से शुरू हुआ यातायात माह 30 नवंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य लोगों को जागरूक बनाकर यातायात नियमों का पालन कराना है। ताकि हादसों में कमी आ सके और मरने वालों की संख्या कम की जा सके। इसके बाद भी दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, बिना हेलमेट, चार पहिया वाहन में बिना सीट बेल्ट, उल्टी दिशा, शराब पीकर वाहन चलाने के मामले लगातार पकड़ में आ रहे हैं।
यातायात माह का पहला दिन जहां जागरुकता में निकला। तो दूसरे दिन से जागरुकता के साथ दंडात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई। हर रोज औसतन 180 वाहनों का चालान 8 नवंबर तक किया गया। कुल मिलाकर 1136 वाहन चालक कार्रवाई के शिकंजे में फंसे। इन पर 1174000 रुपये जुर्माना लगाया जा चुका है।
वर्दी वाले भी नहीं कर रहे नियमों का पालन
जिन लोगों पर नियमों का पालन कराने और कार्रवाई करने की जिम्मेदारी, वो खुद भी पालन नहीं कर रहे। शनिवार को अमर उजाला टीम ने जब शहर में सड़कों का हाल देखा तो कहीं स्थानों पर पुलिस कर्मी बिना हेलमेट, दोपहिया वाहन पर तीन लोग बैठकर जाते दिखे।
यातायात माह में वाहन चालकों को विभिन्न माध्यमों से लगातार जागरूक किया जा रहा है। जो लोग नहीं मान रहे और नियमाें का उल्लंघन कर रहे हैं, उन पर दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। - अमित कुमार राय, सीओ सिटी व यातायात