एटा। देवोत्थान एकादशी पर 12 नवंबर को जिले में करीब 1000 शादियां होनी हैं। इसे लेकर बाजार गुलजार हैं। वहीं, बैंड-बाजों की बुकिंग फुल है। तीन शिफ्ट में बैंड बजाकर बरात चढ़ाई जाएंगी।
शहर में 15 बैंड हैं, जिनके कलाकार अभ्यास में जुटे हैं। सभी बैंड तीन शिफ्टों में काम करेंगे। बन्ने बैंड के निदेशक राहुल ने बताया कि देवोत्थान पर पहला सहालग है। इस दिन सर्वाधिक शादियों होने के कारण एक महीने पहले ही तीन शिफ्ट की बुकिंग हो चुकी है। एक दिन में इससे अधिक बुकिंग नहीं ले सकते हैं। बताया कि बैंड कर्मियों की यूनिफॉर्म, बैंड की डेकोरेशन, बग्गी की सजावट आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उधर, बाजार भी पूरी तरह से गुलजार हो गए हैं। शादी विवाह वाले घरों के लोग खरीदारी में जुटे हैं। कपड़े, बर्तन, साड़ी, सराफा की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। सराफा कारोबारी अमित गुप्ता ने बताया कि शादियों को लेकर ग्राहक आ रहे हैं और खरीदारी कर रहे हैं। महिलाएं शहर के व्यस्ततम बाजार बाबूगंज में खरीदारी करने पहुंच रही हैं। इनकी पहली पसंद जिम्मी चू और ऑर्गेंजा साड़ियां बनी हुई हैं। आभूषणों की बात करें तो हल्के और सस्ते आभूषण महिलाएं पसंद कर रही हैं। सोना-चांदी महंगा होने की वजह से पहले की अपेक्षा इन सहालगों में कम व हल्के वजन के जेवरात ले रहीं हैं।