एटा। थाना जलेसर क्षेत्र में शुक्रवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक सिपाही से मोबाइल लूट लिया। वह पीआरवी पर तैनात है और ड्यूटी करके कमरे पर जा रहा था। पीड़ित ने तहरीर देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिपाही बिजेंद्र बाबू की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि वह कस्बे में ही दरगाह के पास कमरा किराए पर लेकर रहता है। शुक्रवार की रात ड्यूटी खत्म करने के बाद पैदल ही कमरे पर जा रहा था। आरोप है कि कमरा पर पहुुंचने से पहले ही दो बदमाश बाइक पर आए और उसपर तमंचा तान दिया। नकदी और मोबाइल हवाले करने को कहा।
विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। घबराए सिपाही ने मोबाइल दे दिया और नकदी होने से इनकार कर दिया। इस पर बदमाश गाली गलौज करते हुए चले गए। इसके बाद पीड़ित सिपाही ने थाना पहुंचकर वारदात की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया है कि सिपाही शुक्रवार को ड्यूटी कर कमरे पर जा रहा था। इसी बीच दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर सिपाही से मोबाइल लूट लिया। रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है।