एटा। अब तक कोरोना संक्रमित 49 लोगों के मिलने के बावजूद शहर अपनी ही गति से दौड़ रहा है। यहां लोगों में न कोरोना संक्रमण का भय, न ही बचाव के लिए कोई सावधानी है। लोगों को किसी की चिंता तक नहीं है। मंगलवार की साप्ताहिक बंदी के बाद बुधवार को जब बाजार खुला तो भीड़ उमड़ आई।
नौ बजे तक जीटी रोड पर वाहनों के जमावड़े से जाम के हालात पैदा हो गए। इस दौरान कहीं भी सरकारी गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया। न ही लोगों ने सामाजिक दूरी रखी और न ही मास्क तक लगाया। वहीं इस दौरान वाहनों में भी निर्धारित से ज्यादा लोग बैठकर चलते नजर आए। बाइकों पर तो एक के बजाए तीन लोग बैठ फर्राटे भरते दिखे।
सैनिक पड़ाव सब्जी मंडी से जाम
सैनिक पड़ाव पर सज रही फल और सब्जी मंडी में उमड़ने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े हो जाने से यहां से भारी वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। वहीं ट्रेवल्स एजेंसियों ने भी मेटाडोर, टाटा 407, टेंपो और ट्रक आदि जीटी रोड पर खड़े कर दिए। वहीं ढकेल वालों ने मैदान छोड़ जीटी रोड पर लगे पेड़ों के नीचे लगा लिए तो पूरा रोड दोपहर 12 बजे तक जाम से जूझता रहा।
घंटाघर पर कायदे कानून टूटते नजर आए
घंटाघर पर लोग सुबह से ही खरीदारी के लिए जुटे रहे। यहां ग्रामीण क्षेत्रों के दुकानदार भी किराना और अन्य सामान खरीदने के लिए पहुंचे थे। बाजार में ज्यादा भीड़ होने के चलते सभी कायदे कानून टूटते नजर आए। वहीं जीटी रोड पर भी ग्राहकों के वाहनों में फंसे बड़े ट्रक, टैंकर और कारों का लंबा जाम लग गया।
यही हाल कचहरी चौराहा और आगरा, रोड, माया पैलेस चौराहा का रहा। हालांकि माया पैलेस चौराहा और कचहरी चौराहा पर यातायात पुलिस तैनात रही, पर जाम से वह भी परेशान नजर आए।
अलीगंज में भी समस्या बढ़ी
अलीगंज। लॉकडाउन के बाद बाजार खुलने की छूट से जाम लगने लगा है। यहां भी लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। बुधवार को गांधी मूर्ति चौराहा, मातादीन चौराहा, एटा रोड, मोहल्ला काजी तथा मेनबाजार में जाम के हालात पैदा हो गए। प्रशासन द्वारा कई बार फुटपाथों को खाली कराया है।
अधिकतर दुकानदार सुबह नौ बजे से पहले ही दुकान खोल लेते हैं। उपजिलाधिकारी पीएल मौर्य ने बताया कि फुटपाथों पर अवैध रूप से कब्जा हटाने का अभियान चलाया जाएगा। वहीं निर्धारित समय से पहले या बाद में दुकान खुली मिली तो कार्रवाई होगी।
साप्ताहिक बंदी और अनलॉक के बाद पहली बार बाजारों में बुधवार को सुबह के वक्त अचानक भीड़ उमड़ने से शहर में जगह-जगह जाम के हालात बन गए। इसे नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस को लगाया गया। वहीं आगे जाम की स्थिति न बने इसके लिए हर प्वाइंट्स पर पुलिसकर्मी बढ़ाए जाएंगे।
-संजय कुमार, एएसपी