एटा। पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसएसपी सुनील कुमार सिंह की ओर से बृहस्पतिवार को अपराध समीक्षा और सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान शराब तस्कर और अवैध शस्त्र बनाने वालों पर शिकंजा करने के निर्देश दिए गए। डीजीपी की ओर से छह बिंदुओं पर सख्ती से निपटने के लिए जारी किए गए आदेशों को सख्ती से पालन किया जाएगा।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर थानाध्यक्षों को अपने अपने थानों पर शांति समिति की बैठक कर कोविड -19 के दिशा-निर्देशों का पालन और सामाजिक, सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए।
बताया कि अवैध शराब तस्करी, अवैध शस्त्र फैक्टरी एवं कारतूसों आदि पर नियंत्रण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के व्यक्तियों के साथ घटित होने वाले अपराधों की रोकथाम और टॉप 10 अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए।
उन्होंने अधिकारी व कर्मचारी को अपना व्यवहार उच्चकोटि का रखने एवं शालीनता रखने के निर्देश दिए हैं। इस इस मौके पर एएसपी ओपी सिंह, एएसपी क्राइम राहुल कुमार, सीओ सिटी राजकुमार सिंह, सीओ सदर इरफान नासिर खां, सीओ सकीट देव आनंद, सीओ जलेसर रामनिवास सिंह सहित सभी प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।