एटा। भीषण गर्मी और धूप के साथ गर्म हवा चलने से लोग बेहाल हो गए हैं। मंगलवार रात में विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने की वजह से लोग परेशान रहे तो बुधवार को तेज धूप ने लोगों को तपा दिया। अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार की रात करीब तीन घंटे बिजली गुल रही। बीच-बीच में ट्रिपिंग भी होती रही, जिसकी वजह से लोग रात को चैन से सो नहीं सके। बिजली विभाग भले ही अपने कागजों में शहर को 24 और ग्रामीण क्षेत्र में 20 घंटे बिजली देना का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
मंगलवार की रात और बुधवार को दोपहर में कई बार बिजली की ट्रिपिंग का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती की वजह से घरों में रह रहे बच्चे, युवक और बुजुर्ग परेशान नजर आए। वहीं बिजली नहीं आने की वजह से घरों में रखे इंवर्टर भी जवाब दे गए। इसकी वजह से लोगों को गर्मी में काफी परेशानी उठानी पड़ी।
विद्युत कटौती की वजह से रात को चैन से सो तक नहीं पाते हैं। वहीं, दिन में भी बिजली की ट्रिपिंग चलती रहती है। जिससे घरों में बच्चे व बुजुर्ग परेशान रहते हैं। -शमीम साबरी, होली मोहल्ला
आपूर्ति नहीं मिलने से काफी परेशानी होती है। दिन हो चाहे रात आपूर्ति सही से नहीं मिल रही है। रात को इंवर्टर भी चार्ज नहीं होने से सप्लाई नहीं दे पाते हैं। -अजय राज सिंह चौहान, सुनहरी नगर
लोड अधिक होने की वजह से ट्रिपिंग की दिक्कत आ रही है। उपभोक्ताओं से अपील है कि अपने कनेक्शन का लोड बढ़वाएं, जिससे विद्युत आपूर्ति सुचारू रुप से चल सके। -वैभव आनंद, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम