नगर पालिका के स्टोर रूम में रखी खराब लाइट ।
- फोटो : ETAH
एटा। नगर पालिका द्वारा लगाई जा रहीं स्ट्रीट लाइटों में बड़ा गोलमाल सामने आया है। जैम पोर्टल से खरीदी गई सूर्या और सोलर लाइटें पालिका से गायब हो गई हैं। उनके स्थान पर अब ईईएसएल कंपनी की लाइटें लगाई जा रही हैं।
नगर पालिका ने 14वें वित्त की धनराशि से साल 2019-20 में 25 सोलर लाइटें जैम पोर्टल से क्रय कीं, जिसमें एक लाइट की कीमत करीब सवा लाख रुपये थी। उन लाइटों का आज तक पता नहीं चल पाया कि आखिर वह कहां गई। वहीं शासन ने शहर में एक जैसी लाइट लगाने का आदेश जारी किया था, उसके बाद पालिका ने एक हजार से अधिक सूर्या लाइटें जैम पोर्टल से करीब 50 लाख की लागत से खरीद डाली। सूर्या लाइटें पालिका द्वारा क्रय करने के बाद भी उन्हें नहीं लगाया गया। बल्कि केंद्र सरकार से मिली करीब 6 हजार से अधिक ईईएसएल कंपनी की लाइटें शहर में लगवाई जा रही हैं।
नगर पालिका ने सूर्या लाइट क्रय करने में बर्बाद किए 50 लाख
नगर पालिका ने शासन के आदेशों की अवहेलना करते हुए 50 लाख की 1032 सूर्या लाइटें जैम पोर्टल से क्रय की। जबकि शासन का आदेश था कि पालिका क्षेत्र में एक जैसी ही लाइटें लगाई जाएं। अब पालिका ने सूर्या लाइटें हटाकर ईईएसएल कंपनी की लाइटें लगवा दीं, जबकि सूर्या लाइटों की पांच साल की वारंटी है और अभी दो साल भी पूरे नहीं हुए।
स्टोर रूम में नहीं हैं एक भी सोलर लाइट
पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी से जब सोलर लाइट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सोलर लाइट स्टोर रूम में रखी हुई हैं। जबकि स्टोर रूम में जाकर देखा तो यहां पुरानी सोडियम लाइटें रखी हुईं मिलीं।