सहावर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर तहसील सहावर की कार्यकारिणी ने लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर उपजिलाधिकारी सहावर को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी है कि यदि 5 अगस्त तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार छोड़ तहसील के आधिकारिक व्हाट्सएप समूह से भी बाहर हो जाएंगे।
ज्ञापन में लेखपालों ने अंतर्मंडलीय स्थानांतरण शुरू किए जाने, वेतन उच्चीकरण, विभिन्न भत्तों में वृद्धि, समयबद्ध पदोन्नति, बिना आधारभूत सुविधाओं वाले ग्राम सचिवालयों में बैठने की अनिवार्यता समाप्त करने तथा वर्ष 2024 बैच में भर्ती लेखपालों का परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 5 अगस्त तक मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो तहसील सहावर के सभी लेखपाल अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार छोड़ देंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में तहसील अध्यक्ष पंकज यादव, तहसील मंत्री वीरेंद्र सिंह, मुहम्मद जावेद, सोबेंद्र बाबू, कुशाग्र माहेश्वरी, नरेंद्र प्रताप, विपिन कुमार निमेष सहित तहसील सहावर के अन्य लेखपाल मौजूद रहे।