एटा। प्रेमी के साथ गई एक युवती की रविवार को जयपुर में मौत हो गई। युवती करीब आठ माह पूर्व गर्भवती होने पर जयपुर चली गई थी। तीन दिन पहले उसने एक बेटे को जन्म दिया था। युवती के परिजन ने प्रेमी के खिलाफ अपहरण कर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस युवती के शव के साथ ही युवक को भी गिरफ्तार करके ले आई है।
थाना निधौली कलां क्षेत्र के एक गांव की युवती का गांव के ही युवक उपेंद्र के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती-युवक से शादी करना चाहती थी। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। परिजन की बंदिशों के बाद जब उन्हें शादी का कोई रास्ता नजर नहीं आया तो युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। युवक ने यहां से जाने के बाद जयपुर में ठिकाना बनाया और वहां पर ही शादी कर ली।
21 फरवरी 2020 को युवती ने एक बेटे को जन्म दिया, इसके बाद युवती की हालत बिगड़ गई। रविवार की रात सवाई माधोपुर अस्पताल जयपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक ने अपने परिजन को युवती की मौत की खबर दी। इसके बाद परिजन ने पुलिस को सूचना देकर शव एटा मंगाकर पोस्टमार्टम कराया है।
युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा थाना पर दर्ज है। शव एटा जिला अस्पताल में लाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सुभाष बाबू, प्रभारी निरीक्षक, निधौली कलां