एटा। पेड़ पर फंदे से एक मजदूर का शव बुधवार की देर रात लटकता मिला। परिजन ने गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई है।
जलेसर थाना क्षेत्र के गांव गुदाऊ निवासी अनीस ने बताया कि भतीजा मोनू (19) धौलपुर राजस्थान में रहकर एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। मंगलवार को ही घर आया था और बुधवार को दोपहर से ही गायब था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजन तलाश कर रहे थे। उसी समय किसी ने घरवालों को बताया कि एक युवक का शव गांव नगला चांद के पास पेड़ पर लटक रहा है।
वहां जाकर देखा तो तो वह मोनू ही था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया है। अनीस का कहना है कि मोनू को घर पर ठीक-ठाक छोड़कर गए थे। फंदे पर लटकते समय जिस प्रकार से पैर मुड़े हुए और जमीन पर रखे हैं उससे हत्या की आशंका लग रही है।
सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लगा सकेगा।