एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र में लिंटर डालने वाली मिक्सर मशीन सहित ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर की मौत हुई है। जबकि उसके दो साथी घायल हुए हैं। हादसा रविवार की रात करीब 9:30 बजे हुआ। तीनों को अन्य मजदूरों की मदद से मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां एक को मृत घोषित कर दिया। जिला कासगंज थाना ढोलना क्षेत्र के गांव नारायणी निवासी राकेश कुमार (45) की मौत हुई है। जबकि गांव के ही बबलू कुमार और नेताजी निवासी गांव गोपालपुर थाना मारहरा घायल हुए हैं। मृतक के गांव के ही सत्यप्रकाश ने बताया कि वह भी मशीन के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर घर जा रहा था। रविवार की रात को गांव जिटौली थाना निधौली कलां में लिंटर डालने के बाद करीब 9 बजे निकले थे।
गांव ढूंढरी के पास मोड़ था और आगे-पीछे से ट्रक आ रहे थे। रात करीब 9:30 बजे पीछे वाले ट्रक का पिछला हिस्सा लगने से मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके चलते मशीन पर बैठे राकेश, नेताजी और बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को सूचना देकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, यहां राकेश को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं थाना मारहरा क्षेत्र स्थित गांव बुढर्रा के पास बाइक की टक्कर से साइकिल सवार राजू सिंह निवासी सराय अहमद खान रविवार की देरशाम गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको आगरा रेफर किया गया है। जबकि अन्य हादसों में मधु निवासी शिवसिंहपुर और अक्षय कुमार निवासी तालिमपुर खेरिया थाना बागवाला घायल हुए हैं। दोनों को रेफर किया गया है।